जैंत/मांट/मथुरा। मार्ग हादसों में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए। छटीकरा-वृंदावन रोड पर बुधवार आधी रात को अनियंत्रित स्कार्पियो पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार चालक की मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं मांट-टैंटीगांव रोड पर गांव छांहरी के निकट कार की टक्कर से बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई।
कोतवाली क्षेत्र में डीग गेट मनोहरपुरा निवासी शकील (27) पुत्र हनीफ अपने साथी रमन लाल के साथ स्कार्पियो से बुधवार की रात मथुरा से छटीकरा होते हुए वृंदावन जा रहे थे। छटीकरा-वृंदावन रोड पर मां वैष्णो देवी मंदिर के निक ट रात 12 बजे गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में शकील और रमन गंभीर रूप से घायल हो गए। गश्ती पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान शकील ने दम तोड़ दिया।
गुरुवार अपराह्न 3:45 बजे गांव छांहरी निवासी मुन्नी लाल की पुत्री शीतल (10) सड़क पार कर खेत पर जा रही थी। तभी तेज गति से टैंटीगांव की ओर से आ रही आल्टो कार की चपेट में आ गई। हादसे में शीतल गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर जाम लगा दिया। वहीं कुछ ग्रामीणों ने बाइक से हादसे के बाद भागते कार चालक का पीछा कर उसे मांट में दबोच लिया। उसे पुलिस को सौंप दिया गया। एसडीएम मांट अंजनि कुमार के गांव के सामने सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनवाने के आश्वासन पर जाम खुल सका।