चौमुंहा (मथुरा)। जैंत इलाके में हाइवे पर गुरुवार की रात लुटेरों का राज रहा। सफेद रंग की स्कार्पियो सवार आधा दर्जन बदमाशों ने ओवरटेक कर पहले ट्रक और कुछ घंटे बाद स्कार्पियो को लूट लिया। स्कार्पियो लूट के दौरान ट्रक के चालक और क्लीनर गाड़ी में ही बंधे पड़े थे। बाद में बदमाश उन्हें दौताना के समीप स्थित नगरिया के जंगल में पटक गए। हाइवे पर जिन जगहों पर बदमाशों ने वारदातों को अंजाम दिया उससे कुछ ही दूरी पर जैंत पुलिस की पिकेट तैनात रहती है।
पहली वारदात गुरुवार की रात को नौ बजे संजय इंस्टीट्यूट के समीप हुई। स्कार्पियों सवार बदमाशों ने बल्लभगढ़ से सामान खालीकर आ रहे ट्रक को ओवरटेक कर रोका। चालक गांव अहेरा, राया निवासी अतर सिंह और क्लीनर को हथियारों के बल पर ट्रक से नीचे उतारा और बांधकर स्कार्पियो में डाल लिया और ट्रक को ले उड़े।
करीब एक बजे बदमाशों ने जीएलए कालेज से पहले एक स्कार्पियो को रोका। चालक को यह कहते हुए कि वह एक्सीडेंट करके आया है, थाने चलना होगा, गाड़ी से उतार लिया।
स्कार्पियो चालक धर्मनगरी, बिजनौर निवासी निर्मल सिंह थापा ने बताया कि उसके उतरते ही एक बदमाश ने गाड़ी की स्टीयरिंग संभाल ली। गाड़ी में बैठे बिजनौर निवासी आकाशदीप, पप्पू, रंजीत, अंकित, रजनी व मनीष को भी उतार दिया और स्कार्पियो ले गए।
दूसरी वारदात के समय ट्रक चालक अतर सिंह और क्लीनर बदमाशों की स्कार्पियो में बंधे पड़े थे। बाद में बदमाश उनको दौताना के समीप स्थित नगरिया के जंगल में शोर करने पर गोली मारने की धमकी देकर पटक गए। अतर सिंह ने बताया कि सुबह वह छाता पहुंचे और पुलिस को घटना के बारे में बताया। पुलिस ने घटनास्थल जैंत चौकी क्षेत्र में होने की कहते हुए जैंत भेज दिया। जैंत पुलिस ने स्कार्पियो चालक निर्मल सिंह थापा की तहरीर पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। ट्रक चालक का मुकदमा शुक्रवार रात तक दर्ज नहीं हुआ था।
हरियाणा से पीछे लगे थे बदमाश
मथुरा। बदमाश पलवल से ही वाहनों के पीछे लगे हुए थे। निर्मल सिंह थापा ने बताया कि वह बिजनौर से मेंहदीपुर बालाजी के लिए जा रहे थे। पलवल के बालाजी होटल पर रात को खाना खाया था। बदमाशों ने जिस तरह ओवरटेक कर गाड़ी रुकवाई उससे इस बात की आशंका लगती है कि होटल पर ही बदमाशों का कोई इनफार्मर था। ट्रक भी बल्लभगढ़, हरियाणा से लौटते समय लूटा गया।