वृंदावन। गुरुवार को रमणरेती पुलिस चौकी पर तैनात सिपाहियों द्वारा ट्रेवल एजेंसी संचालक और उसके भाई के साथ मारपीट की गई। इस पर गुस्साए लोगों ने चौकी का घेराव किया और तहरीर देकर उचित कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस अधिकारियों ने इस मामले में दो सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया है तो वहीं दो को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
इसके साथ ही पीड़ितों को धमकाने का मामला सामने आने पर एक अन्य सिपाही को भी रमणरेती चौकी से हटाकर रंगजी पुलिस चौकी पर भेज दिया गया है।
इधर व्यापारी संगठनों में भी पुलिस के दुर्व्यवहार से रोष है। व्यापारी नेता मदन मोहन पांडेय, विवेक महाजन, दिनेश शर्मा आदि का कहना है कि रमणेरती पुलिस चौकी पर तैनात सिपाहियों की दबंगई किसी से छिपी नहीं है। आए दिन दुकानदारों से चौथ वसूली करने के साथ साथ ठेले वालों से मुफ्त में सामान लेना आम है। पहले भी कई दुकानदारों के साथ सिपाही मारपीट कर चुके हैं, लेकिन डर के कारण कोई बालने को तैयार नहीं हुआ। गुरुवार को ट्रेवल एजेंसी के मालिक जितेंद्र और श्याम के साथ सिपाहियों द्वारा की गई मारपीट निंदनीय है। कोतवाली प्रभारी के अनुसार पीड़ित जितेंद्र के बड़े भाई सुरेंद्र पुत्र गोपाल प्रसाद की तहरीर के आधार पर रमणेरती पुलिस चौकी पर तैनात विपिन और धर्मेंद्र को अधिकारियों ने सस्पेंड कर दिया है, जबकि महेश और विनोद को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि एक सिपाही द्वारा शुक्रवार को पीड़ितों को डराने धमकाने की शिकायत मिलने पर उसे चौकी से हटाकर फिलहाल रंगजी पुलिस चौकी भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि अभी दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है, जांच पूरी होने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।