मथुरा। विद्युत कटौती की समस्या से जूझ रहे मथुरा-वृंदावन के वासियों को राहत मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री ने शहर को 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति दिलाने का आश्वासन दिया है। यही नहीं मथुरा-वृंदावन में जर्जर सड़कों के निर्माण के लिए आठ करोड़ रुपये का पैकेज देने की घोषणा की है। अक्षयपात्र संस्था कार्यक्रम में शिरकत के दौरान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यह घोषणा कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता प्रदीप माथुर के अनुरोध पर की।
अक्षयपात्र संस्था के वृंदावन में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता प्रदीप माथुर ने मुख्यमंत्री के समक्ष कई प्रस्ताव रखे। इनमें मथुरा-वृंदावन के मध्य डेढ़ हजार व्यक्ति बैठने की क्षमता वाले स्वामी हरिदास अंतर्राष्ट्रीय वातानुकूलित प्रेक्षागृह निर्माण की मांग शामिल हैं। विधायक ने अनुरोध किया कि सांस्कृतिक एवं पर्यटन विभाग की देखरेख में इस आडीटोरियम की नोडल एजेंसी विप्रा को बनाया जाए। उन्होंने मथुरा-अलीगढ़ मार्ग पर यमुना नदी पर पड़ने वाले पुल के समानांतर नया पुल निर्माण कराने और जनपद की प्रमुख सड़कों के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री को दिया। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता के साथ गोपी गोस्वामी, राकेश यादव, बिहारीकांत तिवारी व रामभरोसी कुंतल उपस्थित थे।