मथुरा। नगर निगम द्वारा बुधवार से 9 ओवरहैड टैंक की सफाई का कार्य कराया जाएगा। इस कार्य के चलते लोगों को पेयजल किल्लत झेलनी पड़ेगी। हालांकि नगर निगम ने दावा किया है कि वह टैंकरों के जरिये पेयजल की सप्लाई की जाएगी।
अवर अभियंता अरुण कुमार ने बताया कि राजपुर टंकी की सफाई 21 अगस्त, गोधूलि पुरम टंकी की सफाई 24 अगस्त, कैलाश नगर टंकी की 28 अगस्त, अटल्ला टंकी की 30 अगस्त, मुखर्जी पार्क टंकी की 2 सितंबर, गांधी पार्क टंकी की 5 सितंबर, कालीदह टंकी की 7 सितंबर, किशोरपुरा टंकी की 9 सितंबर, हजारीमल सोमानी टंकी की 12 सितंबर को सफाई की जाएगी। संबंधित क्षेत्र के लोगों से अवर अभियंता ने अपील की है कि इन तिथियों में प्रातःकाल जलापूर्ति के समय पेयजल का भंडारण कर लें। टंकियों की सफाई के समय शाम को पेयजल की सप्लाई नहीं होगी। हालांकि इस दिन शाम को नलकूपों से सीधी जलापूर्ति की जाएगी। साथ ही पेयजल टैंकरों से भी जलापूर्ति की जाएगी।