मथुरा। जिले में मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। लगातार चिकनगुनिया और डेंगू के मरीज सामने आ रहे हैं। जिले में चिकनगुनिया के 7 और डेंगू के दो मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अधीनस्थों के साथ प्रभावित क्षेत्रों में भ्रमण कर मरीजों का हाल जाना। मलेरिया विभाग की टीम ने कीटनाशक दवा का छिड़काव किया।
मौसम में आए बदलाव के बीच चिकनगुनिया, डेंगू और मलेरिया के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। वृंदावन में फिर कैलाश नगर क्षेत्र में दो, रामानुज नगर में तीन एवं चौमुहां के नगलातकिया में दो मरीज चिकनगुनिया के मिले हैं। इसके अलावा बलदेव में एक और मथुरा के सौंख रोड कृष्ण विहार में एक डेंगू का केस मिला है। इन मरीजों को चिकनगुनिया और डेंगू की प्रारंभिक जांच में पॉजीटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग ने अपने स्तर से स्लाइड बनवाकर जिला अस्पताल में जांच कराई।
जांच की पुष्टि होने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅक्टर अजय कुमार वर्मा ने जिला मलेरिया अधिकारी आरके सिंह एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ प्रभावित क्षेत्रों मरीजों के घर जाकर उनका हाल जाना। उन्होंने मलेरिया विभाग को सभी प्रभावित क्षेत्रों में लार्वासाइड दवा का छिड़काव करने और लोगों को बचाव के लिए जागरूक करने के साथ ही शिविर लगाकर आसपास के लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के निर्देश दिए। मलेरिया विभाग की टीम ने क्षेत्र में कीटनाशक दवा का छिड़काव किया। नालियों में दवा डलवाई गई।
मच्छरों के लार्वा देखे गए। इस पूरे क्षेत्र का टीम ने सर्वे कर लोगों के स्वास्थ्य का हाल जाना। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅक्टर अजय कुमार वर्मा ने बताया कि चिकनगुनिया, डेंगू के मरीजों की स्थिति नियंत्रण में है। सात चिकनगुनिया और दो डेंगू के मरीजों के सामने आने पर जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या 27, चिकनगुनिया के 9 एवं मलेरिया के 8 मरीज हो गए हैं। इस संबंध में संचारी रोग से जुड़े सभी विभागों को पत्र भेजे जा रहे हैं।