मथुरा। यम की फांस से मुक्ति पाने के लिए रविवार को यम द्वितीया पर भाई-बहन यमुनाजी में डुबकी लगाएंगे। इसके लिए पुलिस ने सुरक्षा की पूरी रणनीति बना ली है। सुरक्षा की दृष्टि से 500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा 150 पुलिसकर्मी ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में लगेंगे। यमुना के घाट की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर बैरियर लगाए जाएंगे। 2 और 3 नवंबर को यमुना घाट की ओर जाने वाले प्रत्येक मार्ग पर वाहनों का प्रतिबंध रहेगा। केवल पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश मिलेगा।
एसपी सिटी डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि रविवार को यम द्वितीया का स्नान होगा, लेकिन शनिवार की रात से ही श्रद्धालुओं का आवागमन शुरू हो जाएगा। इसलिए शनिवार से रविवार तक रूट डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। उन्होंने बताया कि बंगाली घाट चौकी से श्री द्वारिकाधीश मंदिर मार्ग व चौक बाजार मार्ग होते हुए मिलन तिराहे, होली गेट से भरतपुर गेट मार्ग, भरतपुर गेट से होली गेट मार्ग, भरतपुर गेट से चौक बाजार मार्ग तक केवल पैदल यात्री जाएंगे।
इसके साथ ही आर्य समाज से बंगाली घाट मार्ग, मिलन तिराहे से चौक बाजार, मसानी तिराहे (कच्ची सड़क) से लाल दरवाजा चौक बाजार, गोकुरणनाथ तिराहे से चौक बाजार, होलीगेट से श्रीद्वारिकाधीश मंदिर मार्ग पर केवल पैदल यात्रियों को प्रवेश दिया जाएगा।
कृष्णापुरी तिराहे से बंगाली घाट चौकी मार्ग, क्वालिटी तिराहे (विकास बाजार) से होली गेट की तरफ चार पहिया वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा डींग गेट चौराहे से भरतपुर गेट, केआर मोड से भरतपुर गेट चौराहे की ओर चोपहिया वाहन और ई-रिक्शा वाहन पर रोक लगाई गई है। यह वाहन अमरनाथ होकर गंतव्य को प्रस्थान करेंगे।
यम द्वितीया के लिए रोडवेज ने भी की व्यवस्था
यम द्वितीय पर मथुरा में स्नान के लिए भाई बहन बड़ी संख्या में आते हैं। इसलिए रोडवेज ने पूरी व्यवस्था कर ली है। परिवहन निगम की दिवाली वाली व्यवस्था यम द्वितीया पर्व पर भी लागू रहेगी। सभी बसें यात्रियों को लाने और ले जाने में लगी रहेंगी। इस मार्ग की अधिक सवारी होंगी वहां पर तत्काल बस को भेजा जाएगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मदन मोहन शर्मा ने बताया कि डिपो के बेड़े की सभी बसों को यम द्वितीया पर्व पर संचालित किया जाएगा।