मथुरा। किसानों की पहचान यानी फार्मर रजिस्ट्री के लिए 31 मार्च अंतिम तिथि है। जिले में 3.11 लाख किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बननी है, अब तक केवल 1.39 लाख किसानों ने आईडी बनवाकर सरकारी योजनाओं का लाभ लिया है। 56 प्रतिशत किसान अभी भी ऐसे हैं, जिन्होंने आईडी नहीं बनवाई है। ऐसे में उन्हें योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी सुबोध कुमार ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री आईडी के लिए राजस्व विभाग व कृषि विभाग की टीम लगी है जो 10 ब्लॉकों में किसानों के घर पहुंचकर उन्हें फार्मर आईडी बनवाने के लिए जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक 44 प्रतिशत किसानों ने आईडी बनवाने में रुचि दिखाई है।
56 प्रतिशत किसान इससे दूर हैं। जिन किसानों की आईडी नहीं बनेगी वह 20वीं किसान सम्मान निधि से वंचित रह जाएंगे। उप कृषि निदेशक राजीव कुमार ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री करने के लिए लगातार टीम लगी हुई हैं, किसान स्वयं भी आगे आकर फार्मर आईडी बनवा लें।