मथुरा। बकाया वसूली से निजात पाने के लिए विद्युत निगम ने उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए हैं। स्मार्ट मीटर लगाने के बाद भी उपभोक्ताओं और निगम को समस्या से निजात नहीं मिल सकी है। जिले में 5 हजार स्मार्ट मीटर धारक ऐसे हैं जिन्होंने दो करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जमा नहीं कराई है। निगम ने बकाया दबाकर बैठे 30 हजार उपभोक्ताओं की लिस्ट तैयार की और कनेक्शन काट दिए। इसमें से 25 हजार ने 8.15 लाख से अधिक का बकाया जमा करा दिया है।
विद्युत निगम के जिले भर में 1.26 लाख के करीब स्मार्ट मीटर धारक है जबकि विद्युत उपभोक्ताओं की संख्या 5.32 लाख है। स्मार्ट मीटर धारकों द्वारा बिल जमा न करने की समस्या से निगम के अधिकारियों को दो-चार होना पड़ रहा है। निगम ने ऐसे 30 हजार उपभोक्ताओं की लिस्ट तैयार की। इन पर 10 करोड़ का अधिक बकाया था। अभी भी 5 हजार ऐसे उपभोक्ता शेष हैं जिन्होंने कनेक्शन कटने के बाद भी बकाया जमा नहीं कराया है। वह अधिकारियों के पास कनेक्शन जोड़ने के लिए सिफारिश करा रहे हैं, लेकिन अधिकारी बकाया जमा होने के बाद ही कनेक्शन जोड़ने की बात कहकर सभी सिफारिशों को दरकिनार कर रहे हैं। विद्युत निगम के मुख्य अभियंता राजीव गर्ग ने बताया कि स्मार्ट मीटर धारकों को अपने खाते में एडवांस धनराशि रखनी होगी। पूर्व की तरह एक माह बाद बिल जमा करने की प्रवृत्ति को छोड़ना होगी। बकाया जमा न करने पर विद्युत कनेक्शन काटने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।