राजकीय आईटीआई में काउंसलिंग कराकर प्रवेश लेते विद्यार्थी।
मथुरा। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में चौथे चरण में प्रवेश प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है। विभिन्न ट्रेडों में पंजीयन कराने वाले अभ्यर्थियों को रिक्त सीटों के सापेक्ष खुद रैंक निकालकर और रैंक कार्ड आईटीआई कॉलेज में जमा करके प्रवेश मिला। जिले के चार राजकीय आईटीआई कॉलेजों में चतुर्थ चरण में 400 विद्यार्थियों का प्रवेश हुआ है।
आईटीआई के नोडल प्राचार्य किशन स्वरूप ने बताया कि चतुर्थ चरण में रिक्त सीटों के लिए 24 अगस्त तक ऑनलाइन पंजीयन कराए गए थे, इसके लिए 400 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। इसमें 400 अभ्यर्थियों ने काउंसलिंग कराई है। इन अभ्यर्थियों को 27 अगस्त तक प्रवेश दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चार राजकीय आईटीआई काॅलेजों में 2072 सीटें हैं। तीन चरणों में 692 ने ही प्रवेश लिया है। चतुर्थ चरण में 400 अभ्यर्थी प्रवेश लेंगे। इसके बाद 980 सीटें खाली हैं। आईटीआई के प्राचार्य ने बताया कि इलेक्ट्रीशियन, फिटर, वेल्डर, प्लंबर, डीजल मैकेनिक, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक और रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक, कंप्यूटर ऑपरेटर और प्रोग्रामिंग सहायक (सीओपीए), इलेक्ट्रिकल मैकेनिक, सूचना प्रौद्योगिकी, प्रशीतन और टर्नर आदि में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।