मथुरा। मुड़िया मेले में आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के मद्देनजर पुलिस ने भारी सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पुलिस की 35 अस्थायी चौकी बनाई गई हैं। वहीं, 110 बैरियर लगाए गए हैं। इन बैरियर से वाहनों को आगे नहीं जाने दिया जाएगा।
इसके अलावा 72 वाहन पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। एसपी देहात त्रिगुण बिसेन ने आदेश दिया है कि किसी भी तरह मेले में एक स्थान पर भीड़ न जुटे। एसपी देहात ने बताया कि पुलिस द्वारा मेले पर निगरानी के लिए 31 वाच टावर बनाए गए हैं। करीब ढाई हजार पुलिसकर्मी पूरे मेले में तैनात किए गए हैं।
जेबकतरों पर लगाम लगाना चुनौती, हर साल उठता है ठेका
पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती मुड़िया मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को जेबकतरों के बचाने की है। हर वर्ष मेले के दौरान यहां जेबकतरों का गिरोह सक्रिय रहता है। यहां तक की इलाकों का बंटवारा कर ठेका उठता है। कई बार थाना पुलिस की संलिप्तता को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं।