मथुरा। थाना रिफाइनरी के गांव करनावल में 21 फरवरी को अनुसूचित जाति की दुल्हन बहनों और बरातियों को पीटने के मामले पुलिस मंगलवार को कोर्ट में चार्जशीट दाखिल नहीं कर पाई। 40 पेज की चार्ज शीट की फाइल अधिवक्ताओं के हंगामे के चलते एसपी सिटी कार्यालय से अभियोजन कार्यालय नहीं जा सकी। कोर्ट में चार्जशीट दाखिल होने में अभी एक दो दिन और लग सकते हैं। चार्जशीट में कुल 32 गवाह बनाए गए हैं।
सीओ रिफाइनरी श्वेता वर्मा ने बताया कि दुल्हनों और बरातियों को पीटने वाले 15 हमलावरों में से एक नाबालिग है। इसलिए 14 के खिलाफ आरोप पत्र तैयार किया है। नाबालिग की फाइल को किशोर न्याय बोर्ड में भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि 40 पन्नों की चार्जशीट में पीड़ित दुल्हनों, उनके परिजन, रिश्तेदारों, पुलिस चिकित्सक समेत 32 लोगों के बयान लिए गए और गवाही भी ली गई है। कुछ गांव के लोगों ने भी गवाही दी है।
हमलावर और पीड़ित एक ही गांव का होने के कारण ज्यादा लोगों ने सहयोग नहीं किया। बावजूद मजबूत चार्जशीट तैयार की गई है। कई ऐसे साक्ष्य चार्जशीट में शामिल किए हैं जिससे कि हमलावरों की कोर्ट से जमानत न हो सके। उन्होंने चार्जशीट तैयार कर एसपी सिटी कार्यालय भेज दी।
यहां एसपी सिटी चार्जशीट का अवलोकन करने के बाद अभियोजन कार्यालय भेजेंगे। अभियोजन कार्यालय से चार्जशीट कोर्ट में दाखिल होगी। पुलिस इस मामले में कड़ी पैरवी करेगी, ताकि हमलावरों को जमानत न मिले और हमलावरों को जल्द से जल्द सजा मिले सके। ताकि दुल्हनों और उनके परिजन के साथ न्याय हो सके।