मथुरा। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई को लेकर धरना प्रदर्शन करते ग्राम पंचायत बाटी के ग्रामीण। संव
- फोटो : mathura
मथुरा। होली के दिन जैंत के गांव बाटी में रंग-गुलाल लगाने पर दो पक्षों में हुए विवाद में सोमवार को अनुसूचित जाति के लोगों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर सवर्ण समाज पर महिलाओं से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। साथ ही पुलिस उत्पीड़न का भी आरोप लगाया है। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव बाटी निवासी शैलेंद्र ने बताया है कि होली के दिन करीब 12 बजे गांव के ही रहने वाले सवर्ण समाज के करीब 25 लोग अनुसूचित जाति के मोहल्ले में आए थे। आरोप है इस दौरान उक्त लोगों ने समाज की महिलाओं के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की। विरोध करने पर लोगों ने लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर सवर्ण समाज के करीब 25 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
वहीं सवर्ण समाज पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने उसी दिन अनुसूचित के जाति के 32 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने कुछ को हिरासत में लेकर जेल भी भेज दिया है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट राकेश कुमार ने निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया है।