कोसीकलां (मथुरा)। एसओजी टीम एवं पुलिस ने मुठभेड़ में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी पर गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने इनाम घोषित कर रखा था। आरोपी से तमंचा और बाइक बरामद की है।
गौतम बुद्ध नगर में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मई 2022 में एक व्यक्ति से कार व रुपये लूट की वारदात को अंजाम दिया था। गौतमबुद्ध पुलिस ने आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। सीओ आशीष शर्मा ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार निर्वाल और एसओजी प्रभारी राकेश कुमार की टीम ने बृहस्पतिवार की शाम वांछित शातिर अंतरराज्यीय बदमाश रोहित पुत्र नवल सिंह निवासी गांव सिंगार हरियाणा को कोटवन उमराला मार्ग पर पकड़ लिया।
जिसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, चोरी की बाइक बरामद हुई। घायल आरोपी को उपचार के लिए भर्ती कराया गया। सीओ ने बताया कि आरोपी रोहित गांव कोटवन के रहने वाले बॉबी नाम के व्यक्ति को पूर्व में बेचे गए तमंचे व कारतूस के उधारी के रुपये लेने के लिए होडल की तरफ से ग्राम कोटवन की तरफ आ रहा था। आरोपी पर विभिन्न थाना क्षेत्र में पांच मामले चल रहे है।