यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसाग्रस्त कार की तलाशी के दौरान मांट पुलिस ने 21.838 किलो अवैध गांजा बरामद किया। मामले में दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त हुई एक कार से मांट पुलिस ने 21 किलो 838 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार रात थाना मांट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जाबरा टोल प्लाजा के पास सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त होकर खड़ी एक कार में संदिग्ध सामान रखा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें एक थैले से 21 किलो 838 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि मामले में दिल्ली निवासी दिनेश पुत्र नरेश कुमार तथा बिहार के सुपौल निवासी जयप्रकाश चौधरी पुत्र नागेश्वर चौधरी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजा कहां से लाया जा रहा था और किस स्थान पर इसकी आपूर्ति की जानी थी, इसकी जांच की जा रही है। मामले में आरोपियों की तलाश के साथ-साथ पूरे नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है।