अधिक मास में गोवर्धन परिक्रमा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए रोडवेज दो सौ बसों की अतिरिक्त व्यवस्था कर रहा है। यह बसें प्रदेश के अन्य शहरों के लिए गोवर्धन से चलाई जाएंगी। इसके लिए आगरा समेत अन्य जिलों को डिमांड भेज दी गई है।
16 जून से आरंभ हो रहे अधिक मास में लाखों श्रद्धालु गिरिराज परिक्रमा के लिए गोवर्धन आते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए रोडवेज तैयारियां पूरी कर रहा है। मथुरा के भूतेश्वर बस स्टेंड और नया बस स्टेंड पर बसों को व्यवस्थित ढंग से लगाने की योजना बनाई है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक जीएस शर्मा ने बताया कि अधिक मास के लिए दो सौ बस चलाई जाएंगी। इनमें से मथुरा डिपो के पास करीब सवा सौ बस उपलब्ध हैं। इनमें निगम और अनुबंधित बस शामिल हैं, जो अन्य शहरों के लिए चलती हैं। परिक्रमार्थियों के लिए जेनर्म बस अतिरिक्त व्यवस्था में रहेंगी।
इसके साथ ही आगरा से सौ बस और अलीगढ़ क्षेत्र को 75 बसों की डिमांड भेज दी है। ताकि परिक्रमा लगाने के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को आने-जाने में दिक्कत न हो।
ऐसे रहेगी व्यवस्था
भूतेश्वर और गोवर्धन बस स्टेंड पर अतिरिक्त स्टाफ रहेगा और उनकी शिफ्टवाइज ड्यूटी होगी। पूछताछ काउंटर से यात्री बसों की जानकारी कर सकेेंगे। दोनों ही बस स्टेंड पर पेयजल, सफाई और बिजली की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। मथुरा-परिक्रमा मार्ग में रोडवेज की टीम चेकिंग करेंगी। वह चालक-परिचालकों की अनुशासनहीनता के साथ यात्रियों की हरकताें पर भी नजर रखेंगी।