मथुरा। होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिलावट खोरों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को टीम ने विभिन्न स्थानों से 12 नमूने लिए। छाता में 200 किग्रा मिलावटी पनीर जब्त किया। विभिन्न तेल मिलों से 718 किलोग्राम सरसों का तेल भी जब्त किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी दलवीर सिंह ने छाता क्षेत्र से बेसन लड्डू, मिश्रित दूध और पनीर के नमूने लिए। उन्होंने अस्वच्छ 200 पनीर को मौके पर ही नष्ट कराया। दूसरी टीम ने धौलीप्याऊ क्षेत्र से मोतीकंद मिठाई का एक नमूना लिया। विशेष खाद्य सचल दल ने औद्योगिक साइब-बी में विभिन्न तेज मिलों पर छापे मारे। कार्रवाई के दौरान टीम ने मैसर्स घनश्याम ऑयल मिल्स से 718 किलोग्राम सरसों का तेल सीज किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह ने बताया कि बेसन लड्डू, मिश्रित दूध और पनीर समेत विभिन्न पदार्थों के कुल 12 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित के खिलाफ जुर्माना के साथ विधिक कार्रवाई की जाएगी।