मथुरा। ८ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी की ओर से शक्ति मार्च निकाला जाएगा। इस मार्च में मथुरा से १५०० महिला कार्यकर्ता शामिल होंगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से ३००-३०० महिला कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। यह सभी महिलाएं पिंक परिधान पहनकर मार्च में शामिल होंगी।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से लड़की हूं लड़ सकती हूं, के नारे के साथ-साथ महिलाओें को ४० प्रतिशत आरक्षण देने का वायदा किया था। इसके बाद प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में शक्ति यात्रा निकाली और अब राष्ट्रीय महासचिव की ओर राजधानी में शक्ति यात्रा निकाली जाएगी। शक्ति यात्रा में मथुरा से पांच विधानसभा क्षेत्र मथुरा, छाता, गोवर्धन, बल्देव और मांट से जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा द्वारा १५०० महिला कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाएगा।
इसके लिए उन्होंने इन महिला कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करना प्रारंभ कर दिया है। जल्द ही वह प्रदेश अध्यक्ष को इन महिला कार्यकर्ताओं के मोबाइल नंबर के साथ सूची भेजेंगे। इसके लिए बसों का इंतजाम किया जा रहा है।