जवाहर बाग हिंसा की जांच कर रहे न्यायिक आयोग ने शपथ पत्र देने वाले लोगों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को पंद्रह लोगों के बयान लिए गए। तीन दिन तक बयान दर्ज किए जाने हैं।
मथुरा में दो जून को हुई जवाहर बाग हिंसा की जांच को शासन ने न्यायिक आयोग का गठन किया था। इस न्यायिक आयोग के चेयरमैन हाईकोर्ट के सेवानिवृत न्यायाधीश मिर्जा इम्तियाज मुर्तजा हैं जबकि मथुरा में जिला न्यायाधीश रह चुके पीके गोयल सचिव हैं।
आज जांच आयोग ने मथुरा पहुंचकर उन लोगों के बयान लेने शुरू किए हैं जो पहले जांच के दौरान शपथ पत्र दे चुके हैं। अब सभी के बयान दर्ज कराए जा रहे हैं। इसकी प्रक्रिया लगातार तीन दिन तक चलेगी। पहले दिन करीब पंद्रह लोगों ने अपने बयान दर्ज कराए हैं।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का भी बयान होना है। घटना के वक्त तैनात रहे अफसरों को भी बुलाया जा रहा है। यह सभी भी घटना को लेकर अपना पक्ष रखेंगे।