मथुरा। दिल्ली की एक पार्टी से इवेंट कंपनी के लोग शादी कराने की एवज में करीब 13 लाख रुपये हड़पकर फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर 5 माह बाद एसएसपी के आदेश पर इवेंट कंपनी के मैनेजर और दो शातिर महिला सहित सात लोगों पर थाना जैंत में मुकदमा दर्ज हुआ है।
शिवांगी गोयल पुत्री राकेश गोयल मूल निवासी जैंत हाल निवासी डेरा मंडी जानवी मैक्स हॉस्पिटल दिल्ली ने अपनी छोटी बहन सोनाक्षी गुप्ता की शादी के लिए 11 दिसंबर २०21 को बीएसए कॉलेज के पास शुभ मंगलम वेडिंग्स होटल कृष्णा ग्रींस के मैनेजर संतोष शर्मा से बात की। शिवांगी ने बताया कि जब मैनेजर संतोष शर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि हमारा इवेंट कंपनी का एक बहुत बड़ा ग्रुप है। इसमें शादियां कराने का पूरा ठेका लिया जाता है।
कंपनी चलाने उनके साथ कई कार्य करते हैं। संतोष ने मथुरा और वृंदावन में कई विवाह स्थल दिखाए। इसमें वृंदावन नगर का वृंदावन कॉटेज इन्फिनिटी पसंद आया। इसके मैनेजर तनुज से बात की तो प्री वेडिंग का ठेका 13 लाख 11 हजार 307 रुपये में तय हुआ। पीड़िता ने बुकिंग के तौर पर शुभ मंगल वेडिंग्स के एकाउंट में 4 लाख 3 हजार 890 रुपये सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया सागरपुर से ऑनलाइन जमा किए।
जब 7 दिसंबर २०21 को विवाह स्थल पर पहुंचे तो शादी की तैयार में ढिलाई दिखी। संतोष शर्मा से कहा कि कोई व्यवस्था नहीं है तो उन्होंने जल्दी होने का आश्वासन दिया। 11 दिसंबर को शादी वाले दिन नाश्ता और खाने पीने का कोई प्रबंध नहीं हुआ तो संतोष शर्मा और उसके साथियों को तलाश किया पर कोई नहीं मिला।
इन सभी के मोबाइल बंद मिले। वृंदावन कॉटेज के मैनेजर तनुज से जानकारी र्हुई कि संतोष शर्मा ने रुपये नहीं दिए। यह सुनकर पीड़िता के होश उड़ गए और अपनी इज्जत की खातिर रिश्तेदारों से पैसा मांगकर इकट्ठा कर मैनेजर को 9 लाख 60 हजार रुपये दिए। पीड़िता का आरोप है कि शुभ मंगलम वेडिंग्स के पार्टनर संतोष वृंदावन कॉटेज के मैनेजर तनुज ने अपने साथियों के साथ मिलकर 13 लाख 11 हजार 307 रुपए के फर्जी कागजात तैयार कर धोखाधड़ी से रुपये हड़प लिए हैं।
शादी समारोह के बाद पीड़िता थाना जैंत में दो बार धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराने गई तो प्रभारी निरीक्षक ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़िता हारकर एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर से मिली और अपने साथ हुई धोखाधड़ी की पूरी घटना सुनाई। एसएसपी के आदेश पर शुभ मंगलम वेडिंग्स के पार्टनर संतोष शर्मा, वृंदावन कोटेज के मैनेजर तनुज, संतोष की पत्नी कंचन, हरिमोहन उसकी पत्नी ओमवती, यतेंद्र, भुवनेश आदि के खिलाफ थाना जैंत में मुकदमा दर्ज हुआ है। सीओ सदर प्रवीण मलिक ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।