टैंटीगांव। टैंटीगांव-कराहरी मार्ग पर पीपरिया मोड़ के पास सोमवार शाम दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने तमंचा कनपटी पर लगा कर बंसल फर्टिलाइजर के कर्मचारी से 1.65 लाख रुपये लूट लिए। दिनेश कुमार शर्मा निवासी कूबरा थाना इगलास जिला अलीगढ़, एक कंपनी में फील्ड असिस्टेंट के पद पर कार्यरत है। उसका रिपोर्टिंग केंद्र बंसल कृषि रक्षा केंद्र बेसवां अलीगढ़ है।
वह सोमवार को मार्केटिंग करने के लिए नौहझील, सुरीर, टैंटीगांव गया था। सोमवार शाम पांच बजे मार्केटिंग करने के बाद टैंटीगांव-कराहरी मार्ग होते हुए वह बेसवां जा रहा था। पीपरिया मोड़ के निकट पीछे से आए दो अपाचे बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने ओवर टेक करते हुए उसकी बाइक को घेर लिया। कनपटी पर तमंचा लगा कर मारपीट कर गिरा दिया।
उसका बैग लूट कर भाग गए। धमकी दी कि यदि शोर मचाया तो जान से मार देंगे। बदमाश 1.65 रुपये, चेक, पेन कार्ड, आधार कार्ड आदि ले गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शाहनजर अहमद का कहना है कि तहरीर पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शीघ्र ही लुटेरे गिरफ्त में होंगे।