कांठ में हुए बवाल को लेकर दूसरे दिन भी कई ट्रेने प्रभावित रही। दोपहर बाद ट्रेनों का संचालन सुचारु हुआ। शनिवार की सुबह 3:50 बजे दिल्ली से नजीबाबाद आने वाली मंसूरी एक्सप्रेस देर तक नजीबाबाद नहीं पहुंच सकी। इससे दो कोटद्वारा पेसेंजर ट्रेनों को रद्द करना पड़ा।
शुक्रवार की रात्रि 2:40 बजे नजीबाबाद पहुंचने वाली गाड़ी संख्या 3009 हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस प्रात: 11:35 बजे नजीबाबाद के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर पहुंची और वहीं पर खड़ी रही। इसके अतिरिक्त अप लाइन की 15221-दरभंगा एक्सप्रेस, 13351-स्यालदाह एक्सप्रेस, 13307- किसान एक्सप्रेस, 13005- पंजाब मेल व 13049- अमृतसर डुप्लीकेट एक्सप्रेस को वाया हापुड़, मेरठ व सहारनपुर निकाला गया।
गजरौला पेसेंजर अप, जनता एक्सप्रेस व दून एक्सप्रेस डाउन नजीबाबाद न पहुंचने से यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। उधर धामपुर से पिछले 24 घंटे में एक मालगाड़ी को छोड़कर कोई भी ट्रेन रेलवे ट्रैक से नहीं गुजरी है।
दोपहर बाद ट्रेनों का संचालन सुचारू हुआ। दुपहर बाद सहारनपुर से मुरादाबाद जाने वाली पेसेंजर 54316 को नजीबाबाद से रवाना किया गया। स्टेशन अधीक्षक अजीत सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम के आदेशानुसार मालगाडिय़ों के ट्रायल के बाद सभी ट्रेनों का संचालन पूर्ववत शुरु कर दिया गया है। स्टेशनों पर भारी सुरक्षा व्यवस्था रही।