एक युवक को मोबाइल पर किसी ने कॉल किया लेकिन वह रिसीव नहीं कर सका। थोड़ी देर बाद जब उसने उस नंबर पर कॉल किया तो फिर उसकी जान पर ही आफत आ गई।
कॉल करते ही गांव के दूसरे पक्ष के लोग उसके घर आ धमके। उन्होंने युवक को इस कदर पीटा कि उसकी मौत हो गई। युवक के भाई ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। घटना मेरठ के रुहासा गांव की है।
बृहस्पतिवार रात को जयभगवान के छोटे बेटे मोंटी (18) के मोबाइल फोन पर एक मिस कॉल आई थी। मोंटी ने उस नंबर पर कॉल किया। नंबर गांव के ही दूसरी बिरादरी के लोगों का था।
कॉल आते ही दूसरे पक्ष ने कहा, 'कौन बोल रहा है..., बहुत कॉल करता है..., तू रुक, अपना नाम बता।' मोंटी ने अपना नाम बता दिया। इस पर दूसरे पक्ष के कई लोग उसके घर पर पहुंच गए।
उन लोगों ने मोंटी को पीटते-पीटते खून से लथपथ कर दिया। गला घोंटकर मारने की कोशिश भी की। हमलावर उसे मरणासन्न छोड़कर चले गए।
परिजनों ने मोंटी को पहले सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां शुक्रवार तड़के उसकी मौत हो गई।
परिजन उसकी लाश को लेकर दौराला थाने पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। मोंटी के भाई जितेंद्र ने गांव के ही सुभाष, रवि, अशोक, चुन्नी और रामभूल के खिलाफ हत्या और एससी/एसटी एक्ट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई।
एसओ दौराला परशुराम का कहना है कि सभी आरोपी फरार है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गांव में तनाव, पुलिस तैनात
मामला दो अलग-अलग बिरादरी का होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
घर में मचा कोहराम
मोंटी की मौत से घर में कोहराम मच हुआ है। मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता जयभगवान गांव में ही मजदूरी का काम करता है। उसके तीन बेटे और एक बेटी हैं। एक बेटा ईश्वर नाई और जितेंद्र बिजली की दुकान चलाता है जबकि मोंटी मजदूरी करता था।