मैनपुरी। थाना घिरोर क्षेत्र में बुधवार सुबह नगला भगिया के पास करीब 35-40 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। शरीर पर चोट के निशान हैं, पर उसकी कमर में लोड तमंचा लगा था। फोरेंसिक टीम ने जांच के लिए उसे कब्जे में ले लिया। हत्या की आशंका के बीच पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया। घिरोर थाना पुलिस युवक की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।घिरोर क्षेत्र में बुधवार सुबह कुछ ग्रामीण नगला भगिया मार्ग से गुजरते समय सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा देखा। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। एक ग्रामीण की सूचना पर थानाध्यक्ष अनुज चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जांच के लिए नमूने एकत्रित किए। शव की तलाशी के दौरान फोरेंसिक टीम को मृतक की कमर से लगा तमंचा मिला। खोल कर देखा गया तो वह लोड था। टीम ने उसे जांच के लिए कब्जे में ले लिया। आसपास के लोगों से पहचान के प्रयास किए, मगर कोई जानकारी नहीं मिल सकी। जिसके बाद शव को जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी में रखवाया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। एसपी ग्रामीण राहुल मिठास का कहना है कि युवक का शव मिलने पर उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। शरीर पर कोई भी चोट का निशान नहीं है। हाथों की उंगलियों पर किसी वाहन के पहिये के निशान जरूर हैं। मामला सड़क दुर्घटना का भी हो सकता है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
खतरनाक थे इरादे या कि भ्रमित करने का प्रयास :
पुलिस को नगला भगिया के पास जिस युवक का शव मिला था, वह आसपास का रहने वाला नहीं है, उसकी कमर में लगा एक लोड तमंचा मिला है। पुलिस को प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि संभवत: युवक किसी खतरनाक इरादे के साथ लोड तमंचा लगा कर आया होगा। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए तमंचा मृतक की कमर पर लगाया हो। यह भी हो सकता है कि वहां कोई विवाद हुआ और इसी दौरान युवक की हत्या या किसी अन्य वजह से मौत हुई हो, इन सारे सवालों के जवाब फिलहाल पुलिस के पास भी नहीं हैं।