मैनपुरी। प्रशासन ने बेवर के रायपुर में पैक्सफेड के चेयरमैन के बूथ कैप्चर करने के मामले में उनके गनर सहित चार पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया। वहीं मतदान केंद्र पर तैनात एक गांव के चौकीदार को पद से हटा दिया। साथ ही वहां तैनात गौतमबुद्धनगर के चार होमगार्ड के खिलाफ कार्रवाई के लिए वहां के एसपी को लिखा गया है।
उल्लेखनीय है कि 13 अक्तूबर को हुए पंचायत चुनाव के मतदान में बेवर ब्लाक में पैक्सफेड के चेयरमैन ने बूथ नंबर 128 कैप्चर किया था। इसका वीडियो 15 अक्तूबर को वायरल हो गया था। इस पर प्रशासन ने उक्त मतदान केंद्र पर रिपोल 17 अक्तूबर को कराया। तभी से इस मामले में कार्रवाई की तैयारी चल रही थी। पहले पुलिस ने तोताराम यादव समेत मतदान केंद्र पर मौजूद सभी कर्मचारियों और मतदान कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद सोमवार देर शाम अधिकारियों ने तोताराम यादव के गनर इंद्रजीत सिंह को निलंबित कर दिया। इसके अलावा दया प्रकाश, सिपाही सत्यभान व नत्थू सिंह को भी निलंबित कर दिया है। वहीं मतदान केंद्र पर तैनात ग्राम भगिया के चौकीदार करन को पद से हटा दिया गया है। इसके अलावा गौतमबुद्ध नगर से चुनाव ड्यूटी पर आए चार होमगार्ड के खिलाफ कार्रवाई के लिए वहां के एसपी को लिखा गया है। एसपी ने बताया कि उक्त कार्रवाई के अलावा मतदान केंद्र पर तैनात मतदान कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए भी संस्तुति की गई है।