मैनपुरी। रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य को 90 प्रतिशत तक पूरा करा लिया गया है। एक सप्ताह में स्टेशन पर कार्य पूरा होने के बाद यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इसमें यात्रियों को वातानुकूलित प्रतीक्षालय, अत्याधुनिक टिकट घर, स्वचलित सीढ़ियां और प्लेटफॉर्म आदि कार्य पूरा हो चुका है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मैनपुरी जंक्शन रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। करीब चार साल पहले स्टेशन के पुरानी भवन को ध्वस्तकर नए भवन का निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। अब स्टेशन पर 90 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य को पूरा करा लिया गया है। भवन निर्माण के साथ उसकी रंगाई पुताई, प्लेटफॉर्म, वातानुकूलित प्रतीक्षालय, स्वचलित सीढ़ियां, ओवर प्रतीक्षालय, टिकट घर, ओवर ब्रिज आदि का निर्माण कराया गया है।
स्टेशन अधीक्षक एचएस मीणा ने बताया कि स्टेशन पर 90 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य को पूरा करा लिया गया है। एक सप्ताह के भीतर कार्य पूरा कराने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि परिसर में प्रवेश और निकास द्वार बनाए गए हैं। परिसर में सड़क निर्माण का कार्य भी पूरा कराया गया है। भवन में साफ-सफाई के साथ फिनिशिंग का कार्य कराया जा रहा है।
डिजिटल स्क्रीन लगाई, बनेगा संग्रहालय
स्टेशन पर यात्रियों को ट्रेन की सही जानकारी देने के लिए बड़ी डिजिटल स्क्रीन लगाई गई है। इस पर प्रत्येक ट्रेन का समय और प्लेटफॉर्म की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा स्टेशन परिसर में संग्रहालय का निर्माण भी कराया जाएगा। इसमें रेलवे स्टेशन से जुड़े पुराने चित्रों और वस्तुओं को संजोया जाएगा।