जिला कारागार से अब मोबाइल पर बात करना संभव नहीं हो सकेगा। शीघ्र ही जेल में जैमर सिस्टम लगाया जाएगा। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। वहीं कैदियों से ई-मुलाकात और वीडियो कांफ्रेंसिंग की सुविधा भी शुरू होने जा रही है।
जिला कारागार से फोन पर बात करने का दौर अब खत्म होने जा रहा है। प्रदेश की सभी 67 जेलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। इसके चलते अब जेल की परिधि में कोई भी मोबाइल फोन काम नहीं करेगा। जैमर सिस्टम लगने के बाद अब जेल के अंदर या बाहर से कोई भी आपस में संपर्क नहीं कर सकेगा। प्रदेश में लखनऊ, मुजफ्फरनगर, नैनी, बनारस, मेरठ सहित 12 जेलों में जैमर लगा दिए गए हैं। इसके अलावा आधुनिक सुविधाओं के नाम पर जिला कारागार में अब कैदियों को आरओ का पानी भी मिलेगा। सितंबर तक सभी जेलें सीसीटीवी कैमरों से लैस हो जाएंगी। जेल अधीक्षक बीके सिंह ने बताया कि कारागार में कैदियों से मिलने के लिए होने वाली असुविधा अब जल्द ही खत्म हो जाएंगी। जल्द ही ई-मुलाकात की सुविधा शुरू कर दी जाएगी। वीडियो कांफ्रेंसिंग का ट्रायल भी पूरा किया जा चुका है। जल्द ही सभी सुविधाएं शुरू कर दी जाएंगी।