मैनपुरी में बारिश की वजह से बड़ा हादसा हुआ है। बारिश के चलते एक मकान की दीवार गिर गई। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रुप से घायल हो गया। बारिश की वजह से सड़कें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।
मैनपुरी में लगातार हो रही बारिश के चलते बुधवार की सुबह गांव छबीलेपुर में एक मकान की दीवार गिर गई। दीवार के पास सो रहे दंपती मलबा के नीचे दब गए। जब तक उन्हें बाहर निकाला गया। तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। पति को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया है।
विज्ञापन
थाना बेवर इलाके के गांव छबीलेपुर निवासी रामबाबू और उनकी पत्नी कमला देवी (55) मंगलवार की रात आंगन में दीवार के सहारे चारपाई पर सो रहे थे। लगातार हो रही बारिश के चलते बुधवार की सुबह करीब 5:30 बजे अचानक दीवार दंपती पर गिर गई।
चीख पुकार के बाद परिजन और आसपास के ग्रामीण जाग गए। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। पति को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी में रखवाया।
विज्ञापन
बारिश में सड़क हुई क्षतिग्रस्त
बारिश के चलते गांव छबीलेपुर जाने वाली सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। दीवार गिरने से हुए हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल को जिला अस्पताल ले जाने लगी। एंबुलेंस को बुलाया गया, लेकिन क्षतिग्रस्त सड़क के चलते एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद ग्रामीण और पुलिस ने चारपाई पर घायल को एंबुलेंस तक पहुंचाया वहीं शव को मोर्चरी भिजवाया।