मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियां गति पकड़ रही हैं। सोमवार को परिषद ने प्रश्नपत्र उपलब्ध करा दिए। प्रश्नपत्रों को राजकीय इंटर काॅलेज स्थित स्ट्राॅन्ग रूम में पुलिस सुरक्षा के बीच रखवाया गया है। जल्द ही प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्रों में भेजे जाएंगे।
माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक होंगी। इस साल हाईस्कूल के 29664 और इंटरमीडिएट के 28980 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा को लेकर उत्तर पुस्तिकाएं पहले ही उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।
सोमवार को प्रश्नपत्र भी जिले में पहुंच गए। जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार और सह जिला विद्यालय निरीक्षक रघुराज सिंह पाल की उपस्थिति में प्रश्नपत्रों को राजकीय इंटर कॉलेज में स्थापित स्ट्राॅन्ग रूम में रखवाया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि केंद्र व्यवस्था, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की जा रही है।
बोर्ड के आदेशानुसार जल्द प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्र में स्थापित स्ट्राॅन्ग रूम में पहुंचाए जाएंगे।