फोटो 36 सदर बाजार में जाम में फंसे लोग। संवाद
- फोटो : 1
मैनपुरी। पुलिस की ओर से लगाई गई नो एंट्री के बाद भी चार पहिया वाहन बेधड़क मुख्य बाजार में प्रवेश कर रहे हैं। वाहनों के प्रवेश की वजह से रोजाना जाम लगता है। ऐसे में यहां से गुजरने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पुलिस की बैरिकेडिंग होने के बावजूद भी चार पहिया वाहनों पर कोई रोक-टोक नहीं है।
सोमवार को शहर के प्रमुख सदर बाजार में करीब डेढ़ से 2 घंटे तक लोगों को जाम का सामना करना पड़ रहा है। 5 मिनट की दूरी तय करने में लोगों को आधे से 1 घंटे का समय लग गया। जाम में फंसे लोग यातायात पुलिस के इंतजाम को कोसते हुए नजर आए। चार पहिया वाहनों की वजह से पैदल और दो पहिया वाहनों को भी निकलने के लिए जगह नहीं मिली।
यातायात पुलिस की ओर से मुख्य बाजार में चार पहिया वाहनों के लिए नो एंट्री है। क्रिश्चियन तिराहे पर पुलिस की बेरीकेडिंग लगी हुई है और यहां यातायात पुलिसकर्मी व होमगार्ड तैनात रहते हैं, जो यह सुनिश्चित करते हैं कि कोई भी चार पहिया वाहन बाजार में न जा पाए। लेकिन वहीं पुलिस की बैरिकेडिंग को धता बताकर चार पहिया वाहन मुख्य बाजार की सड़कों पर बे रोक-टोक चल रहे हैं, इसकी वजह से यहां रोजाना जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार जाम में एंबुलेंस तक फस जाती है। वहीं, स्कूल की छुट्टी के समय तो यहां की स्थिति और खराब हो जाती है।
बाजार में सामान लेने जाने वाले वाहनों को जाने दिया जाता है। अगर बाजार में जाम लग रहा है तो इसे दूर करने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। - दीपशिखा सिंह, सीओ यातायात