मैनपुरी के देवी रोड निवासी बैंक ऑफ बड़ाैदा की मुख्य शाखा में तैनात सहायक प्रबंधक की पत्नी निशा यादव ने अपने चाचा सहित दो लोगों के खिलाफ रुपयों के लिए परेशान करने का केस दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि उनकी शादी में खर्च रुपयों को लेने के लिए चाचा उनके पति और ससुर को झूठे केस में फंसाने की धमकी देते हैं और आपराधिक षड्यंत्र भी रच रहे हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दर्ज केस के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के कृष्णा नगर निवासी निशा यादव का कहना है कि उनकी शादी 19 फरवरी 2024 को सौरभ यादव निवासी गांव अंजनी बिछवां के साथ हुई है। साैरभ बैंक ऑफ बड़ाैदा मैनपुरी की मुख्य शाखा में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। पिता चंद्रहास व चाचा अनिल यादव संयुक्त परिवार में रहते हैं। चाचा अनिल यादव उनकी शादी में हुए खर्च का रुपये पति व ससुर रनवीर सिंह से दिलाने का दबाव बना रहे हैं। जब चाचा से कहा कि यह उनका घरेलू मामला है तो चाचा ने उनके साथ गाली-गलौज की। इसके अलावा जान से मारने व झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। एक जुलाई को पति के खिलाफ मारपीट का एक केस भी दर्ज करा दिया।
निशा ने पुलिस को बताया कि जब वह शादी के बाद पहली बार मायके गई तो चाचा ने सोने की छह अंगूठियां अपने पास रख लीं। कई बार मांगने बाद भी नहीं लौटाई। चाचा के ससुर अधिवक्ता रवींद्र यादव निवासी गांव पड़रिया बैंक में लगातार झूठी शिकायतें कर उन्हें व पति को मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं। रवींद्र यादव उनके ससुर को कई बार धमकी दे चुके हैं। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।