बुखार से दो और बच्चों की मौत, आठ सौ मरीज
- फोटो : अमर उजाला
जिला अस्पताल में बुखार, मलेरिया, डेंगू डायरिया से पीड़ित रोगियों की संख्या बढ़ रही है। शुक्रवार को बुखार से पीड़ित दो और बच्चों की मौत हो गई। जिला अस्पताल में कई रोगों से पीड़ित करीब 800 से अधिक रोगी पहुंचे।
थाना बेवर क्षेत्र के ग्राम अलीपुर निवासी रिया (दो माह) पुत्री नरेंद्र को गुरुवार की रात अचानक तेज बुखार आ गया। परिवारीजन प्राइवेट चिकित्सक के यहां ले गए। यहां आराम न मिलने के चलते रात को ही वह रिया को जिला अस्पताल में लेकर आए। यहां डाक्टरों ने उसका उपचार शुरू कर दिया। शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। वहीं थाना भोगांव क्षेत्र के गांव भवानीपुर निवासी शिवम (9) को बुखार आने पर परिवारीजन जिला अस्पताल लेकर आए। शुक्रवार की दोपहर उपचार के दौरान बालक की जिला अस्पताल में मौत हो गई। वहीं सुबह से ही रोगियों की भीड़ पहुंचनी शुरू हो गई। सुबह नौ बजे से ही औषधि वितरण काउंटर पर रोगियों की कतार लग गईं।