औंछा। थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम घिरोर-कुरावली मार्ग पर थोरवा मोड़ के पास सड़क हादसे ने दो युवकों की जान ले ली। हादसे में शीलेश की मौके पर ही मौत हो गई थी, वहीं जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे दोस्त रोहित उर्फ टीटू यादव ने भी आगरा ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। रविवार को जब रोहित का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा, तो चीख-पुकार मच गई। दोनों के शवों का पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
गांव बालमपुर निवासी 22 वर्षीय शीलेश कुमार शनिवार शाम अपने दोस्त रोहित उर्फ टीटू निवासी अंतपुर के साथ नगला कमरिया से भैंस देखकर बाइक से घर लौट रहा था। थोरवा मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को चपेट में ले लिया। हादसे में शीलेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि लहूलुहान रोहित को पुलिस ने तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे गंभीर हालत में पीजीआई सैफई रेफर किया गया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर आगरा ले जा रहे थे, तब रास्ते में ही रोहित की सांसें थम गईं। रविवार को पुलिस ने दोनों दोस्तों के शवों का पोस्टमार्टम कराया।
भतीजे को अंतिम विदाई भी नहीं दे सके चाचा
पोस्टमार्टम के बाद रविवार को जब रोहित का शव पैतृक गांव अंतपुर पहुंचा, तो हर किसी की आंखें आंसुओं से छलक पड़ीं। परिजन शव से लिपटकर रोते रहे और फतेहगढ़ जेल में बंद रोहित के चाचा हरिश्चंद्र सिंह, मदन पाल सिंह, कमलेश सिंह और अखिलेश सिंह के आने का रास्ता निहारते रहे। परिजन चाहते थे कि चाचा अपने भतीजे को आखिरी बार देख सकें। प्रशासनिक औपचारिकताओं के कारण उन्हें जेल से आने की अनुमति नहीं मिल सकी।
फोटो 25 रोहित, फाइल फोटो