घिरोर करहल मार्ग पर मंगलवार की दोपहर मैक्स गाड़ी को बचाने के प्रयास में आम से भरा ट्रक पलट गया। इसमें ट्रक चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को उपचार दिलाने की बजाए जमकर आम लूटे। पुलिस ने घायलोें को अस्पताल में भर्ती कराया।
मंगलवार दोपहर करीब दो बजे ट्रक का चालक वीरेश निवासी कोहिना थाना शीतलपुर जिला एटा ट्रक में अलीगढ़ से आम लाद कर रांची जा रहा था। जब वह घिरोर करहल मार्ग पर कोसमा रेलवे क्रासिंग के पास ट्रक लेकर पहुंचा तभी करहल की ओर से आ रही सवारियों से भरी मैक्स गाड़ी को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर ट्रक पलट गया। ट्रक पलटने से चालक वीरेश, ट्रक में सवार सरताज, अमरपाल घायल हो गए। राहगीर और ग्रामीण मौके पर जमा हो गए, मौके पर जमा भीड़ ने आम लूट लिए। इसी बीच करहल से घिरोर जा रहे जैन इंटर कालेज के शिक्षक सतीश मधुप ने 108 एंबुलेंस तथा पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को घिरोर अस्पताल पहुंचाया।