व्यापारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, दहशत
- फोटो : अमर उजाला
कस्बा के मुख्य बाजार में देर शाम एक दुकान पर बाइक सवार तीन युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। इससे हालांकि कोई घायल नहीं हुआ लेकिन बाजार में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवकों की तलाश की लेकिन कोई नहीं मिला। दुकानदार का कहना है घटना से कुछ देर पहले उक्त युवक उसके यहां कपड़े खरीदने आए थे। कपड़ों के मूल्य को लेकर विवाद हुआ था। जाने के कुछ देर बाद वे लौटे और दुकान को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। सूचना पर पुलिस पहुंच गई और युवकों की तलाश शुरू की लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई सफलता नहीं मिली थी।
करहल के मुख्य बाजार सुभाष गेट पर कलीम नामक व्यक्ति की कलीम रेडीमेड गारमेंट की दुकान है। देर शाम लगभग आठ बजे उसकी दुकान पर तीन युवक कपड़े खरीदने आए। कपड़ों के मूल्य को लेकर उसका उक्त युवकों से विवाद हो गया। इसके बाद युवक दुकान से चले गए। कलीम ने बताया कि रात लगभग 8:30 बजे उक्त युवक एक बाइक पर सवार होकर आए। सभी ने पकड़े से मुंह ढका हुआ था। आते ही युवकों ने दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। डर की वजह से वे दुकान में अंदर जाकर छिप गए। फायरिंग से दुकान की दीवारों पर निशान बन गए। फायरिंग की आवाज से बाजार में दहशत फैल गई। सभी खुद को बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। इस दौरान युवक मौके से भाग गए। फायरिंग में हालांकि कोई भी घायल नहीं हुआ। कलीम की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची। साथ ही बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। इंस्पेक्टर करहल का कहना है कि व्यापारी के सूचना के बाद युवकों की तलाश कर रही है। वहीं दुकानदार की तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। खबर लिखे जाने तक कलीम की दुकान के सामने बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद थे।