हजारों लीटर पानी हर रोज हो रहा बर्बाद
- फोटो : अमर उजाला
खुली टोटियां और टूटी पाइप लाइन से हर रोज हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। शहर से कस्बों तक यही हाल है। यही नहीं लोगों के शिकायत करने के बाद भी टूटी पाइपलाइन को सही नहीं कराया गया है।
शहर के मोहल्ला अवधनगर में पाइप लाइन टूटी पड़ी है। इससे हर रोज पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। वहीं मोहल्ला सौतियाना में पाइप लाइन पिछले कई दिनों से टूटी पड़ी है। पाइप लाइन से बर्बाद होने वाले पानी से वहां जलभराव भी रहता है लेकिन प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। ज्योंती में दिनों दिन जलस्तर गिरता जा रहा है। पिछले सालों में ये जलस्तर 15 फुट नीचे चला गया है। घरों में लगे हैंडपंप भी पानी देना बंद कर गए हैं। वहीं सरकार भी पानी बचाओ के प्रति लोगों को जागरूक कर रही है। इसके बाद भी लोग पानी की बर्बादी करने से नहीं चूक रहे हैं। नगर पंचायत की पानी की सप्लाई के समय हजारों लीटर पानी बर्बाद हो जाता है। कारण, जगह-जगह पाइप लाइन टूटी होना है। इससे पानी नालियों में बह रहा है। वहीं इस ओर नगर पंचायत अध्यक्ष ने ध्यान नहीं दिया है। अगर यही हाल रहा तो लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस जाएंगे।