चोरों ने दो घरों से उड़ाई लाखों की नकदी-जेवर
- फोटो : अमर उजाला
रविवार रात चोरों ने बिछवां और थाना कोतवाली क्षेत्र में दो घरों से लाखों की नकदी और जेवर चोरी कर लिए। सुबह जानकारी होने के बाद पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी।
कोतवाली क्षेत्र के दीवानी रोड निवासी धर्मेंद्र कुमार रविवार को परिवारीजनों के साथ थाना एलाऊ क्षेत्र स्थित पैतृक गांव फरीदपुर गए थे। रात को चोरों ने सूने मकान के ताले तोड़कर करीब 15 हजार की नकदी और हजारों रुपये कीमत का सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी धर्मेंद्र को स्थानीय लोगों ने दी। दूसरी घटना थाना बिछवां क्षेत्र गांव नगला मितकर निवासी उमेश के घर में हुई। रविवार रात घर के सभी लोग बरामदा व छप्पर में सो रहे थे। चोर मकान के पिछले हिस्से में नकब लगाकर कमरे में दाखिल हो गए। अलमारी में रखे लाखों के जेवर व 30 हजार की नकदी चोरी कर ली। चोर में घर में कीमती कपडे़ बर्तन आदि भी ले गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। खेतों में खाली बक्से बरामद हुए। वहीं पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
सर्राफ की दुकान का ताला तोड़कर चोरी
नगर के इटावा रोड पर महेंद्र मेडिकल के सामने स्थित संदीप कुमार शिवकुमार सराफ की दुकान हैं। 28 मई की रात में चोरों ने उनकी दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखे लॉकर को तोड़कर आठ सौ ग्राम चांदी और आठ ग्राम सोना चोरी कर लिया। जानकारी पर मौके पर पुलिस ने जायजा लिया।