कमला टाकीज जाने वाली मुख्य सड़क का निर्माण कार्य एक साल पूरा होने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। सड़क उबड़खाबड़ होने के चलते स्थानीय लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सड़क से ऊंचा बनाया गया नाला भी बरसात में लोगों की दुश्वारियां बढ़ाने का काम कर रहा है।
एक वर्ष पूर्व मोहल्ला अवध नगर में कमला टाकीज जाने वाले मार्ग पर खोदाई का कार्य किया गया था। वहां नाला निर्माण के बाद सीसी रोड बनाई जानी थी, लेकिन एक वर्ष बीतने के बाद भी अभी महज आधे मार्ग पर ही सीसी सड़क डाली गई है। सुस्ती से हो रहे इस काम के चलते स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी चंदन का कहना है कि कछुआ गति से चल रहा काम से बेहद कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खुदे पडे़ मार्ग से गुजरना मुश्किल है। आए दिन वाहन चालक गिरकर घायल होते हैं। संदीप सक्सेना ने बताया कि नगर पालिका सीसी रोड बिछाने के काम में लापरवाही बरत रही है। जिसके चलते पिछले एक वर्ष से स्थानीय लोगों को परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। वहीं सड़क से काफी ऊंचाई पर बनाए गए नाले में बरसात का पानी बहकर सड़क पर आ जाता है जिससे जलभराव होता है। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य जल्द कराए जाने की मांग की है।