मायके में रह रही पत्नी को जब पति ने जबरदस्ती घर ले जाने की कोशिश की तो उसने हंगामा खड़ा कर दिया। जेल तिराहा पर महिला की चीखपुकार सुनकर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस युवक को पकड़कर थाने ले आई और शांतिभंग में चालान कर दिया।
थाना बेवर क्षेत्र के गांव मैदेपुर का रहने वाला सतेंद्र सिंह मंगलवार को पत्नी को मनाकर घर वापस ले जाने के इरादे से मैनपुरी आया था। लेकिन पत्नी ने साथ जाने से इंकार कर दिया। काफी देर हुई कहासुनी के बाद पति ने जेल चौराहा के समीप पत्नी को जैसे ही गाड़ी में बैठाने की कोशिश की तो उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला को चिल्लाता देख लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने गाड़ी को घेर लिया। लोग उसकी पिटाई करते इससे पहले ही युवक ने बता दिया कि यह मेरी पत्नी है लेकिन साथ चलने को तैयार नहीं है। हंगामे की सूचना पुलिस को दी गई। थानाध्यक्ष शशिकांत सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों समझाने का प्रयास किया, लेकिन पत्नी ने पति पर मारपीट करने का आरोप लगाया। दंपति के विवाद का कोई हल निकलता न देख पुलिस दोनों को थाने ले गई। सतेंद्र का शांतिभंग की धाराओं में चालान कर दिया।