पुलिस लाइन की परेड देख हुए गौरवान्वित
- फोटो : अमर उजाला
गणतंत्र दिवस पर कलक्ट्रेट और पुलिस लाइन समेत सभी सरकारी कार्यालयों में तिरंगा फहराया गया। साथ ही कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। पुलिस लाइन में हुई परेड और बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। इस दौरान डीएम और एसपी ने परेड की सलामी ली। वहीं जिले के सभी जनप्रतिनिधियों के अलावा बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
जिलाधिकारी चंद्रपाल सिंह ने कलक्ट्रेट में 68वें गणतंत्र के अवसर पर ध्वजारोहण किया। इसके बाद मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सब प्रतिज्ञा करें कि संविधान के अनुसार कर्तव्यों का पालन करेंगे। ईमानदारी के साथ कर्तव्यों को निभाएं। देश को आजादी दिलाने, राष्ट्र की रक्षा करने में प्राणों की आहुति देने वालों को यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
वहीं पुलिस लाइन में डीएम चंद्रपाल और एसपी सुनील कुमार सक्सेना ने झंडा फहराया। बैंडबाजे की मधुर धुन पर राष्ट्रगान गाया गया। वहीं पुलिस परेड ने कदम से कदम मिलाकर सलामी दी तो देशभक्ति के माहौल में सभी सराबोर हो गए। डीएम ने परेड की सलामी लेने के उपरांत कहा कि इस उत्कृष्ट कोटि के परेड के लिए पुलिस अधीक्षक व उनके सभी सहयोगियों व रंगोली बनाने वाले कर्मचारी बधाई के पात्र हैं। इस दौरान शांति के प्रतीक कबूतर आसमान में छोड़े गए।
इस मौके पर प्लाटून कमांडर, महिला प्लाटून कमांडर, वायरलेस दस्ता, बज्र वाहन, दंगा विरोधी दस्ता, अग्निशमन दस्ता, फायर ब्रिगेड, शक्ति परियां, यूपी 100, दबंगई दमनदल, रेडियो शाखा, क्यूआरटी दस्ता, एनसीसी के कैडेट ने परेड निकाली। इस अवसर पर कई स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक प्रस्तुति दी। इस मौके पर सभी प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।