आवास विकास स्थित बचपन प्ले स्कूल में मदर्स डे पर विभिन्न कार्यक्रम व प्रतियोगिताएं हुईं। बच्चों ने अपनी मां के चरण स्पर्श कर उन्हें कार्ड भी भेंट किए। कार्यक्रम के उपरांत प्रतियोगिता में विजयी माताओं को पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मौजूद बच्चों की माताओं ने आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताआें में प्रतिभाग किया। बॉल इन दि बकिट में ज्योत्सना यादव, धागा-मोती प्रतियोगिता में रजनी, गोलगप्पे एवं पासिंग दि पार्सल प्रतियोगिता में अमिता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों व उनकी मम्मियों ने डांस, सिंगिंग, जोक, कैट वॉक आदि भी किए।
इससे पूर्व संस्था के प्रबंधक अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि मां एक ऐसा शब्द है। जिसे बोलने मात्र से ही चेहरे पर एक अजीब सी मुस्कान आ जाती है। मां के मातृत्व का वर्णन अर्थात मां की महिमा के बारे में कहना, लिखना उसी तरह से असंभव है जिस तरह से समुद्र के पानी को सुखा पाना। मां के प्रति हमारा दायित्व बनता है कि हम जीवन में एक पल भी उसे दुखी न होने दें।
कार्यक्रम के अंत में संस्था की उप प्रबंधक राधा गुप्ता ने विजयी मम्मियों को पुरस्कार भी प्रदान किए।