कोतवाली क्षेत्र के अवाबाग कालोनी मेें एक कारखाने मेें गुरुवार सुबह हमलावरों ने एक युवक को गड़ासे से वार कर मौत के घाट उतार दिया। हमले में युवक के रिश्ते के मामा गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने मामले की छानबीन की। परिवारीजनों ने एक नामजद व दो अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
थाना बेवर क्षेत्र के गांव दुर्जनपुर निवासी आलोक मिश्रा (21) रिश्ते में मामा राकेश मिश्रा (45) निवासी बासखेड़ा जिला शाहजहांपुर हाल निवासी अवाबाग कालोनी थाना कोतवाली के साथ साड़ियों को बेचने का काम करता था तथा निवाड़ बनाने की फैक्ट्री थी। बताते हैं कि दो दिन पूर्व राकेश के गांव निवासी प्रमोद उर्फ बिकटा दो अन्य साथियों के साथ वहां आया था। वहां शराब पी गई थी। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे पड़ोसियों ने राकेश के चीखने की आवाज सुनी मगर उन्होंने ध्यान नहीं दिया। पड़ोसियों के मुताबिक, वह अक्सर सोते में चीखने लगता था। कुछ देर बाद दरवाजा खुला देखकर सामने मकान में रह रही एक बच्ची ने घर में जाकर देखा तो चारों तरफ खून फैला हुआ था। उसके जानकारी घरवालों को दी।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायल राकेश को तुरंत जिला अस्पताल लाया गया। वहां से उसे सैफई रेफर कर दिया गया। दोनों पर गड़ासे से कई वार किए गए थे। आलोक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एएसपी शिष्यपाल सिंह और सीओ सिटी राजेश चौधरी भी मौके पर पहुंच गए। डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक की टीमों ने काफी देर तक छानबीन की। पूछताछ में पता चला कि घायल राकेश वहां निवाड़ बनाने की फैक्ट्री चलाता था। फैक्ट्री सितंबर माह से बंद चल रही थी। घर में तीन अन्य किराएदार भी रहते हैं, पूछताछ में उन्होंने किसी भी चीख पुकार की बात से इंकार किया। पुलिस घर में रह रहे तीन युवकों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। सूचना मिलने के बाद थाने पहुंचे मृतक के चाचा ने तहरीर देते हुए राकेश के गांव निवासी प्रमोद उर्फ बिकटा व दो अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को रवाना किया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
शिष्यपाल सिंह, एएसपी
विरोधाभासी बयानों के बीच उलझी पुलिस
अवाबाग कालोनी में मकान में रह रहे तीन युवकों के मुताबिक वह सुबह करीब पांच बजे घर से निकल गए थे। घर से निकलते समय उन्हें कुछ भी जानकारी नहीं हुई। लाइट बंद थी। वहीं पड़ोसी महिला के मुताबिक, करीब पांच बजे घर से चीखने की आवाज आई थी। मगर अनसुना कर दिया क्यों कि राकेश को नींद में चीखने की आदत थी। युवकों की बात पर यकीन करें तो तड़के घर से निकलते वक्त उन्होंने दरवाजा बंद करने के लिए किसी को क्यों नहीं जगाया। अगर उनकी बात पर यकीन कर लिया जाए तो घटना उनके घर से जाने के बाद घटित हुई है। वहीं दबी जुबान से कुछ लोग इसे विवाहेत्तर संबंधों से जोड़ रहे हैं। उनके मुताबिक, घर में कई लड़कियों का आना जाना था। युवकों के कमरे को तोडे़ जाने के बाद वहां से कई आपत्तिजनक चीजें भी पुलिस ने बरामद की हैं। पुलिस तीनों युवकों से पूछताछ कर रही है। वहीं अभी तक घटना के पीछे क्या वजह है इसके बारे न तो पुलिस न हीं परिवारीजन कुछ भी कहने को तैयार हैं।
दोबारा जांच को पहुंची पुलिस को मिला गड़ासा
अवाबाग कालोनी में हत्या में सूचना पर पहुंची पुलिस काफी देर तक जांच करने के बाद तीन संदिग्ध युवकों को पूछताछ के लिए थाने ले गई थी। वहीं जब दोबारा पुलिस घटनास्थल पहुंची तो उन्हें घटनास्थल पर पड़ी एक चारपाई के नीचे छिपाकर रखा गया हत्या में प्रयुक्त गड़ासा बरामद हुआ। पुलिस ने उसे जांच के लिए भेजा है। वहीं घटनास्थल को देखकर पता चलता है कि मृतक और हमलावरों के बीच काफी संघर्ष भी हुआ था।