खंडहर मकान में चल रहा था असलाह बनाने का काम
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र में बुधवार रात पुलिस ने जौहरी इंटर कालेज के समीप एक खंडहर मकान में छापा मारकर असलाह बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। दो आरोपियों को असलाह बनाते हुए गिरफ्तार किए जाने के साथ ही कई बने अधबने तमंचा और असलाह बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। गुरुवार को दोनों आरोपियों को चालान कर जेल भेजा गया।
बुधवार रात करीब 12:35 बजे थानाध्यक्ष ने पुलिसबल के साथ घिरोर कुरावली मार्ग के समीप जौहरी इंटर कालेज के समीप बने एक खंडहर मकान में छापा मारा। पुलिस को देखकर वहां असलाह बना रहे दो लोगों ने भागने की कोशिश की जिन्हें पुलिसकर्मियों ने दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम मुकीम निवासी गांव नगला गजू थाना घिरोर और महेंद्र पाल निवासी गांव दुतिया थाना बागवाला एटा बताया। पुलिस ने मकान से दो बने तमंचा, तीन अधबने, बट, ड्रील मशीन आदि उपकरण बरामद किए। पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले आई।