मैनपुरी। दो दिवसीय औद्योनिक किसान मेला का शुभारंभ कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में बुधवार को सांसद ने किया। उन्होंने कहा कि किसानों के हित के लिए प्रदेश सरकार कटिबद्ध है। किसानों को पिछली फसलों में जो नुकसान हुआ है सरकार उसका मुआवजा समय से किसानों को उपलब्ध करा रही है।
बुधवार को मेला का शुभारंभ करते हुए सांसद तेज प्रताप यादव ने कहा कि किसान वैज्ञानिकों और विभागों द्वारा प्रदत्त की जा रही विभिन्न तकनीकियों एवं योजनाओं का पूरा लाभ उठाने के लिए आगे आएं। डीएम चंद्रपाल सिंह ने कहा कि औद्योनिक फसलें किसानों को अत्यधिक लाभ देने वाली फसलें हैं। इससे जुड़ कर किसान अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत बना सकते हैं। शिमला मिर्च की विभिन्न रंगीन प्रजातियों का उत्पादन जिले में वैज्ञानिकों के प्रयास से ही शुरू हुआ है। इससे किसान अच्छा लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
उप निदेशक उद्यान आगरा भैरव सिंह ने किसानों की उद्यान संबंधी समस्याओं को सुनकर उनका समाधान किया। कार्यक्रम में एसपी राकेश शंकर, कृषि वैज्ञानिक डाक्टर शंकर सिंह, डीएचओ सुरेश कुमार, डाक्टर विकास रंजन चौधरी, डाक्टर जगदीश मिश्रा, डाक्टर आकांक्षा चौधरी आदि ने जानकारियां दीं।