गुरुवार की दोपहर मैनपुरी-इटावा रेल लाइन पर मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतर गया। सूचना पर टूंडला से पहुंची तकनीकी विभाग की टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद इंजन को पटरी पर चढ़ाया। इसके बाद ट्रेन लौट सकी। गनीमत रही कि इस ट्रैक पर सवारी गाड़ियों की आवाजाही नहीं होने से लोगों को ज्यादा परेशानी नहंी हुई।
नवनिर्मित मैनपुरी-इटावा लाइन पर बुधवार को इटावा से गिट्टी लेकर एक मालगाड़ी मैनपुरी आई। दोपहर में रैक से गिट्टी खाली होने के बाद ट्रेन को रवाना करने के लिए जैसे ही उसे इंजन से जोड़ने का प्रयास किया, वैसे ही इंजन डिरेल हो गया। इससे स्टेशन पर मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल रूम को दी गई। कंट्रोल रूम से सूचना पर टूंडला से तकनीकी विभाग के पास पहुंची। यहां से रेलवे अधिकारियों के साथ ही एक टैक्नीकल टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद दो घंटे की मशक्कत करने पर इंजन को पटरी पर चढ़ाया जा सका। करीब दो घंटे के बाद बाद ट्रेन को रवाना किया गया। स्टेशन मास्टर एसके सिंह ने बताया कि ट्रेन का इंजन डिरेल हो गया था। उसे टूंडला से आई टीम ने सही किया। इसके बाद उसे रवाना कर दिया गया।