कैशलेस हुए बैंकों ने लोगों को किया परेशान
- फोटो : अमर उजाला
नोटबंदी लागू हुए करीब 25 दिन हो गए लेकिन लोगों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रहीं। पैसे निकालने के लिए लोगों को बैंकों और एटीएम पर घंटों लाइनों में लगना पड़ रहा है। शुक्रवार को यह गनीमत रही कि कई बैंकों के एटीएम से पांच सौ रुपये के नोट निकले। इससे लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं देहात में लोगों को अभी भी कैश के लिए भटकना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि आठ नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सौ और पांच सौ के नोट बंद कर दिए थे। इसके बाद से बाजार में कैश की कमी हो गई। परिणामस्वरूप उसी दिन से लोगों को दिन-दिनभर पैसे के लिए लाइन में लगना पड़ा। शुक्रवार को भी बैंकों और एटीएम में लंबी लाइनें लगीं। हालांकि कई बैंकों के एटीएम में पांच सौ रुपये का नोट आने के बाद लोगों को पैसे मिल गए।
वहीं देहात में अभी भी लोगों को कैश के लिए भटकना पड़ रहा है। बेवर में केनरा बैंक में शुक्रवार को कैश ही नहीं मिला। इससे लोग हताश और निराश होकर लौट गए। कस्बा निवासी दिलशाद ने बताया कि वे ग्रामीण बैंक में रुपया निकालने गए थे। मात्र दो हज़ार की राशि मिली। केनरा बैंक में कैश नहीं था। बैंकों में कैश कम मिलने से आम जनमानस परेशान है। कस्बा निवासी सुनील मिश्रा ने बताया कि बैंकों में कम कैश आने से लोगों को परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने बैंक प्रशासन से मांग की है कि बैंकों को पर्याप्त कैश दिया जाए। जिससे लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। यही नहीं ग्रामीण बैंक, एसबीआई और बीओआई में भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार को लाइन लंबी होने के चलते पीएसी का जवान और पुलिसकर्मी आपस में भिड़े गए। हुआ यह कि पीएसी का एक जवान दोपहर में इलाहाबाद बैंक के एटीएम पर पैसे निकालने पहुंचा। लाइन लंबी होने पर वह सीधे एटीएम में घुसने लगा। इस पर वहां तैनात पुलिसकर्मी ने उसे रोका। इस पर पीएसी का सिपाही पुलिसकर्मी से भिड़ गया। बाद में बैंक अधिकारियों और लोगों ने मामला शांत कराया।