उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में रंगों की बारिश के बीच सोमवार को ठाकुर जी का डोला निकाला गया। चतुर्वेदी समाज के युवा और बुजुर्ग नाचते गाते डोला में शामिल हुए। दाऊजी मंदिर से शुरू हुआ डोला कृष्णा टाकीज के पास स्थित राधारानी मंदिर पहुंचकर समाप्त हुआ। जहां ठाकुर जी को विराजमान किया गया।
सोमवार की दोपहर चतुर्वेदी समाज के युवा और बुजुर्ग दाऊजी मंदिर पहुंचे। मंदिर में होली गायन के बाद चतुर्वेदी समाज के लोगों ने ठाकुर जी के साथ जमकर होली खेली। मोहल्ला सोतियाना स्थित मंदिर से शुरू हुआ डोला मदार दरवाजा, लाल मठिया, चौथियाना, मिश्राना, कटरा, कटरा पुलिस चौकी, कृष्णा टाकीज होता हुआ राधारानी मंदिर पहुंचा।
राधारानी मंदिर से लेकर सोतियाना के दाऊजी मंदिर पहुंचेंगे
होली वाले दिन चतुर्वेदी सामज के लोग इसी रास्ते से डोले को वापस लेकर राधारानी मंदिर से लेकर सोतियाना के दाऊजी मंदिर पहुंचेंगें। डोले में योगेश चतुर्वेदी, कुक्की चौबे, नीतेश चतुर्वेदी, गुड्डू चौबे, लाला चौबे, संजू चौबे, राकेश चतुर्वेदी, कमलेश चतुर्वेदी मौजूद रहे।