मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र से चार दिन पूर्व अगवा की गई शिक्षिका का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस अब मेसेज भेजने वाले मोबाइल नंबर की तलाश में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के यादव नगर निवासी शिक्षिका सुमन (24) शनिवार को स्कूल गई थी। वहां से लौटते समय वह गायब हो गई। शिक्षिका का मोबाइल फोन भी बंद हो गया था। बाद में पिता के मोबाइल पर मेसेज और फोन कर शिक्षिका के अपहरण और हत्या की जानकारी दी थी। घटना के संबंध में सुमन के पिता कश्मीर सिंह ने किराएदार हरविलास उसकी पत्नी, पुत्री और अंकित निवासी चौहान नगर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अंकित कानपुर से बीटेक कर रहा है।
पुलिस ने अंकित को हिरासत में लेकर पूछताछ की। लेकिन पूर्व में अंकित के मोबाइल से मेसेज भेजे गए। बाद में मेसेज दूसरे मोबाइल से भेजे गए। इस संबंध में अंकित भी जानकारी नहीं दे सका। पुलिस ने अब उस मोबाइल नंबर की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि पुलिस शिक्षिका की सकुशल बरामदगी में जुटी है। इसके लिए टीमें हर संभव प्रयास कर रही हैं।