शव मिलने के बाद घटनास्थल पर जांच करती पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र के कमलपुर गांव में नहर पटरी के पास बीते बुधवार दोपहर मिले पशु व्यापारी अमित कुमार उर्फ हीरालाल की हत्या में आरोपी तांत्रिक मुन्नालाल की गिरफ्तारी में पुलिस को अभी तक सफलता नहीं मिली है। हत्याकांड की गुत्थी जस की तस है। पुलिस तांत्रिक के करीबियों की डिटेल खंगाल रही है।
परम गांव के किसान भारत सिंह के परिवार में पांच बेटों में सबसे छोटे 32 वर्षीय अमित कुमार उर्फ हीरालाल का शव का बुधवार को मिला था। पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ था कि पहले अमित की गला दबाकर हत्या की गई थी। इसके बाद गले को किसी धारदार हथियार से काटा गया।
परिजन ने आशंका जाहिर की है कि नरबलि के उद्देश्य से ही तांत्रिक ने हत्या के बाद गला काटकर रक्त एकत्रित किया होगा। पुलिस आरोपी तांत्रिक और उसके साथियों की तलाश में जुटी है। पुलिस की एक टीम आरोपी तांत्रिक जुडै़ला के मुन्नालाल की तलाश में जुटी है।
मुन्नालाल और अमित कुमार के अच्छे संबंध थे। दोनों एक दूसरे के साथ अकसर बैठकर पार्टी किया करते थे। पुलिस ने तांत्रिक की तलाश में उसके रिश्तेदारों का भी पता खंगाला है। इसके अलावा फोन को सर्विलांस पर भी लिया है। इधर, मृतक के फोन की भी सीडीआर निकलवाई है।