तेज आंधी से जिले भर में आपूर्ति बाधित
- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार की रात जिले भर में आई तेज आंधी से जिलेभर की बिजली आपूर्ति बाधित रही। कई स्थानों पर बिजली के तार टूटने से बिजली के साथ ही पानी तक की सप्लाई नहीं हो सकी।
शुक्रवार की रात करीब नौ बजे जिले भर में तेज आंधी आई। आंधी आते ही जिले की बिजली काट दी गई। कई हिस्सों में रात करीब दो घंटे बाद आपूर्ति चालू कर दी, लेकिन कई हिस्सों में रात 12 बजे के बाद ही आपूर्ति चालू हो सकी। लोग गर्मी से बेचैन रहे। भोगांव क्षेत्र में आंधी से आपस में तार भिड़ गए। तारों के भिड़ने से निकली चिंगारी से डायट परिसर की झाड़ियों में लग गई। थोड़ी ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले तो फायरब्रिगेड को फोन कर आग की सूचना दी। जब फायरब्रिगेड से कोई नहीं पहुंचा, तो पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों की मदद से बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं नौरंगाबाद एवं जीटी रोड स्थित एक ढाबे के पास झाड़ियों मेें आग लग गई। सूचना पर बेवर से आई फायरब्रिगेड की टीम ने समय रहते आग पर काबू पाया।